Sunday, 27 April 2014

पागलपन - गुरबीर 'इलाही'

पागलपन


सब कहते हैं मुझसे कि तू पागल है,

तेरे पागलपन की हद क्या है।

मैंने कहा, मेरे पागलपन की कोई हद नही,

इसकी कोई सरहद नही,

ये तो वो परिंदा है,जो परवाज़ करना जानता है,

दूर आसमान में उड़ना जानता है,

नहीं जानता तो ज़मीं पर खिंची उन लकीरों को,

उस पर लिखी उन तहरीरों को,

जो करती हैं अपनों को जुदा,और जुदाई चुभती है,

चाहे वो दिलों की हो या सरहदों की|

कहने को ये सरहद पर खिँची एक लकीर है,

पर ये एक ऐसी उँची दीवार है,

जो खड़ी है उन दिलों के बीच,

उन अपनों के बीच,

जो कभी साथ थे,

कभी एक थे|

अब ये दीवार, ये दूरी हर बीते लमहे के साथ ओर बढ़ जाती है,

इतनी बड़ी कि वो फ़लक में उड़ता परिंदा भी आज परेशान है,

वो परेशान है इस सोच से कि,

ये दीवार किसी रोज़ उसकी परवाज़ न रोक दे|

और वो अपनों से मिलने को महरूम ना हो जाये।


-गुरबीर 'इलाही'

No comments:

Post a Comment